क्यूबेक
क्यूबेक (Québec, Quebec), जिसे भिन्न रूप से किबेक, क्विबेक, केबेक और कबेक उच्चारित करा जाता है, कनाडा का पूर्व-मध्य में स्थित एक प्रान्त है। यह कनाडा का एकमात्र प्रान्त है जहाँ फ़्रान्सीसी भाषी लोग बहुमत में हैं और जहाँ प्रान्तीय स्तर पर केवल फ़्रान्सीसी आधिकारिक भाषा है। क्यूबेक, कनाडा का क्षेत्रफल के आधार पर सबसे बड़ा राज्य है और देश का दूसरा सबसे बड़ा प्रशासनिक विभाग है; केवल नूनावूत क्षेत्र बड़ा है। यह पश्चिम में ओण्टारियो, जेम्स खाड़ी और हडसन खाड़ी से घिरा हुआ है, उत्तर में हडसन जलसन्धि और उंगावा खाड़ी से, पूर्व में सेंट लॉरेंस खाड़ी और न्यूफ़नलैण्ड और लैब्राडोर और न्यू ब्रन्स्विक प्रान्तों से घिरा हुआ है। दक्षिण की ओर यह अमेरिकी राज्य मेन, नया हेम्पशायर, वेरमॉण्ट और न्यूयार्क से घिरा हुआ है। इस प्रान्त की समुद्री सीमाएं नूनावूत, प्रिन्स एड्वर्ड द्वीप और नोवा स्कोश्या से भी लगती हुई हैं।[१][२][३]
परिचय
क्विबेक पूर्वी कैनाडा का सबसे प्राचीन, बड़ा और फ्रांसीसी उद्भव का प्रांत है। क्षेत्रफल : ५,९४,८६० वर्ग मील, जिसमें भूमि ५,२३,८६० वर्ग मील तथा जल ७१,००० वर्ग मील है। इस प्रांत पर फ्रांसीसी संस्कृति की छाप है। इसके तीन प्राकृतिक विभाग हैं:
- (१) कैनाडा का पठार, जिसमें प्रांत का ९३% भाग है,
- (२) ऐपलैशियन प्रदेश तथा
- (३) सेंट लारेंस नदी की घाटी, जिसमें अधिकांश जनता रहती है।
२,१०० मील लंबी, जल यातायात के लिये सेंट लारेंस नदी आदर्श है तथा सेंट फ्रैंसिस, सेंट लुई और सेंट पीटर प्रसिद्ध झीलें है। १,२२५ मील लंबे और ९७५ मील चौड़े विशाल क्षेत्र के कारण विविध जलवायु हैं। ताप ३६ डिग्री सें. से ऊँचा नहीं जाता। सेंट लारेंस घाटी में पालामुक्त १६० दिन होते हैं। काफी भाग में हिमवर्षा होती है। कैनाडा के कृषि उत्पादनों का १४% इस प्रांत में होता है।
रिज़का (alfalfa), आलू, चुकंदर, जौ, जई, गेहूँ, मटर, सेम, तंबाकू और गन्ने की खेती होती है। पशुपालन, मत्स्याखेट, मुर्गीपालन दुग्धउद्योग, मधुमक्खी पालन यहाँ के उद्यम हैं। कई प्रकार की मछलियाँ पाई जाती हैं। जंगलों पर आधारित समूर (Fur), कागज तथा लुगदी उद्योग और इमारती लकड़ियों के पेशे में काफी लोग लगे हैं। दुनियाँ की १/३ लुगदी और १/४ अखबारी कागज यहाँ बनाया जाता है। लैब्रेडार में लोहे के अयस्क की योजना, बर्सीमी (Bersinies) नदी पावर प्लांट स्कीम तथा गैस्पे प्रायद्वीप में ताँबे के उद्योग प्रसिद्ध हैं। मुद्रणयंत्रों, रासयनिक और खाद्य पदार्थो, इस्पात तथा मादक पदार्थो का उत्पादन किया जाता है। पर्यटक उद्योग भी विकसित है। कैनाडा की जलविद्युत शक्ति का आधा भाग क्विबेक में उत्पन्न होता है। क्विबेक का मनोहर राष्ट्रोद्यान (National Park) २,००० वर्ग मील में फैला हुआ है। यहाँ का प्रसिद्ध नगर मांट्रियल है। यहाँ ८२ प्रतिशत फ्रांसीसी, १२ प्रतिशत अंग्रेज, शेष अन्य प्रवासी लोग हैं।
प्रांत की राजधानी का नाम भी 'क्विबेक' है। इसके उत्तर में सेंट चार्ल्स नदी और दक्षिण में सेंट लारेंस बहती है। समुद्री से ८०० मील दूर स्थित होने पर भी यह प्रसिद्ध नदी बंदरगाह है। यहाँ सरकारी भवन, विश्वविद्यालय, प्रसिद्ध स्मारक तथा प्राचीन इमारतें हैं। जूते, कपडे, इंर्ट, चमड़े की सफाई और मुद्रण प्रमुख व्यवसाय हैं। यहाँ से वस्त्र, कागज और अनाज का निर्यात होता है।
जनसांख्यिकी
भाषा
क्यूबेक की आधिकारिक भाषा फ़्रान्सीसी है और यह कनाडा का एकमात्र प्रान्त है जो मुख्यतः फ़्रान्सीसी-भाषी है, जहाँ २००६ की जनगणना के अनुसार ८०.१% लोग प्रथम भाषा के रूप में फ़्रान्सीसी भाषा बोलते हैं और कुल मिलाकर ९५% फ़्रान्सीसी भाषा बोल सकते हैं जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय भाषी सम्मिलित हैं।
सन्दर्भ
- ↑ Armony, Victor (2007). Le Québec expliqué aux immigrants. Montréal: VLB Éditeur. ISBN 978-2-89005-985-6.
- ↑ Babin, Andrée (1986). L'interatlas: Ressources du Québec et du Canada. Montréal: Centre éducatif et culturel. ISBN 2-7617-0317-0.
- ↑ Bergeron, Léandre (1970). Petit manuel d'histoire du Québec. [Montréal]: Éditions Québécoises. Without ISBN